फर्रुखाबाद। रोडवेज प्रशासन की लाख कोशिशों के बावजूद हरदोई व कानपुर की बसों के लिए हायतौबा मची रही। आगरा रूट की सभी बसों का हरदोई तक बढ़ाया गया रूट भी किसी काम न आया। बस के आते ही परीक्षार्थियों की भीड़ खिड़कियों के शीशों से घुसती नजर आई। इससे आम यात्रियों के साथ महिला अभ्यर्थियों को भी परेशानी हुई।
शुक्रवार दोपहर 12 बजे और शाम पांच बजे पुलिस परीक्षा का पेपर छूटने के दौरान रोडवेज बस अड्डे पर हालात बदतर हो गए। परिसर में हरदोई, कानपुर जाने के लिए खड़ी बसें चंद मिनट में ही फुल हो गईं। फिर भी हजारों यात्री बस की आस में भटकते रहे। रोडवेज प्रशासन ने आगरा रूट पर गुरुवार रात भेजी गईं करीब 15 बसों को शुक्रवार सुबह वापस आने पर उनका रूट हरदोई तक बढ़ा दिया।
परीक्षार्थियों की संख्या इतनी अधिक थी कि दो-दो घंटे तक भटकना पड़ा। कानपुर के यात्रियों को भी मुसीबत का सामना करना पड़ा। बस आने पर शीशों से घुसकर सीट पर कब्जा करने में भी छात्र पीछे नहीं रहे। खिड़कियों पर धक्का-मुक्की होती रही। आम यात्री और महिला परीक्षार्थियों को खासी दिक्कतें हुईं। यही हाल शाम पांच बजे पेपर छूटने के बाद देर रात तक चलता रहा।
हालांकि डिपो कर्मियों ने अधिक यात्री होने पर बस की व्यवस्था करके उन्हें भेजा।
-
पूछताछ काउंटर पर कर्मचारी से तकरार
बसों की कमी के चलते पूछताछ काउंटर पर दोनों तरफ यात्रियों की भीड़ रही। सीट पर बैठा एक मात्र कर्मचारी सवालों के जवाब देता, तो कुछ यात्री सही समय बताने पर अड़ गए। उसने बस आने पर ही जाने की बात कही, तो कुछ यात्री गुस्सा गए और अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे। हालांकि साथी लोगों ने उसे काउंटर से हटा दिया।
-
रेलवे स्टेशन पर कानपुर की ट्रेन के लिए भारी भीड़
रेलवे स्टेशन भी परीक्षार्थियों की बेशुमार भीड़ रही। कानपुर की ओर जाने वाली ट्रेन आने पर चढ़ने को लेकर धक्का-मुक्की होती रही। हालांकि ट्रेन के चलने तक सभी यात्री चढ़ गए। टिकट खिड़की पर भी खासी भीड़ रही। इलेक्ट्रानिक टिकट मशीन पर भी यात्री टिकट लेने के लिए लाइनों में खड़े रहे। आरपीएफ और जीआरपी के जवान मुस्तैद रहे।