फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Farrukhabad News: हड़ताल से आफत, दबाव में 15 बसें भेजीं, 26 लाख का नुकसान

विज्ञापन
विज्ञापन
फर्रुखाबाद। हिट एंड रन के नए कानून के विरोध में कामर्शियल वाहनों की हड़ताल आफत बन गई। यूनियन पदाधिकारियों से वार्ता के बाद रोडवेज की 15 बसें ही भेजी जा सकीं। डिपो को 26 लाख रुपये का नुकसान हो चुका है। बरेली जा रही बस जलालाबाद में रोक दी गई। यात्रियों को किराया लौटा दिया। दिल्ली रूट पर मात्र एक बस ही गई। पेट्रोलियम और गैस आपूर्ति भी प्रभावित हो गई है। डिपो के कई चालकों ने मोबाइल बंद कर लिए।
विज्ञापन

वाहन चालकों की हड़ताल से व्यवसायिक क्षेत्र को बड़ा नुकसान हो रहा है। इसका बुरा असर आम जनजीवन पर भी पड़ने लगा है। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर डिपो के एआरएम ने मंगलवार सुबह बस अड्डा पर कर्मचारी यूनियनों के पदाधिकारियों से वार्ता की। कई बार नोकझोंक भी हुई। बाद में तय हुआ कि चालक बसों को ले जाएं, जहां भी दिक्कत हो, तो वहीं बस खड़ी करके सूचना देने के बाद यात्रियों का किराया वापस कर दें।
सुबह 10 बजे के करीब हरदोई के लिए पहली बस रवाना की गई। शाम पांच बजे तक दिल्ली के लिए एक, आगरा के लिए पांच, हरदोई के लिए छह, बरेली के लिए एक समेत 15 बसें यात्रियों को लेकर रवाना हुई। हालांकि कार्यशाला से इस दौरान 29 बसें निकालने का दावा किया जा रहा है। डिपो को दो दिन में करीब 26 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। सोमवार रात तक डिपो में 2.35 लाख रुपये जमा किए गए थे। जबकि एक दिन की आय करीब 14 लाख रुपये जमा होती है।
विज्ञापन

बरेली के लिए भेजी गई एक बस को जलालाबाद में कुछ ट्रक चालकों ने रोक लिया। इसके बाद बस जलालाबाद बस अड्डा में खड़ी करके यात्रियों का किराया वापस कर दिया गया। कई चालकों ने अपने मोबाइल बंद कर लिए हैं। पेट्रोलियम टैंकर न चलने से डीजल और पेट्रोल की भी दिक्कत होने लगी। रसोई गैस आपूर्ति भी प्रभावित होने लगी है। यदि शीघ्र ही हड़ताल खत्म नहीं हुई, तो किराना का सामान भी कम पड़ने लगेगा। इसका सीधा असर आम जनता पर पड़ेगा।
-
अधिक पेट्रोल देने से मना कर रहे पेट्रोल पंप कर्मी
जनता को हड़ताल लंबी चलने की आशंका सताने लगी है। इसी के चलते बाइक, कार मालिक वाहनों की टंकी फुल करने के लिए पेट्रोल पंपों पर पहुंच रहे हैं। पेट्रोल पंप कर्मी जरूरत के हिसाब से ही डीजल व पेट्रोल डालने की बात कहते हैं। इससे वाहन स्वामियों से बहस भी हो रही है।
-
पांच दिन का स्टाक उपलब्ध, सब्जी-दूध में आएगी दिक्कत
फोटो-35,
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिला महामंत्री प्रमोद गुप्ता ने कहा कि फिलहाल लिंजीगंज के थोक बाजार में कोई दिक्कत नहीं है। व्यापारियों के पास पांच दिन तक का सामान स्टाक है। ऐसा नहीं कि हड़ताल के दौरान कमी दिखाकर रेट बढ़ा दिए जाएं। हालांकि सब्जी व दूध आदि कुछ जल्दी खराब होने वाली वस्तुओं की कमी आएगी। सरकार को चाहिए कि जल्द ही समस्या के समाधान में बीच का रास्ता निकालें।
-
फोटो- 32,

वाहनों का संचालन रुकने से ट्रेनों बेशुमार भीड़, धक्का मुक्की
फर्रुखाबाद। रोडवेज बसों, डग्गामार वाहनों की हड़ताल की वजह से ट्रेनों पर यात्रियों का दबाव बढ़ गया है। रेलवे स्टेशन पर पहुंचने वाली ट्रेनों में घुसने के लिए धक्का-मुक्की करनी पड़ रही है। मंगलवार को कानपुर अनवरगंज से कासगंज जा रही एक्सप्रेस ट्रेन में बेशुमार भीड़ रही। प्लेटफार्म नंबर दो पर दोपहर करीब ढाई बजे ट्रेन पहुंची, तो महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को डिब्बों में घुसने के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ी। बड़ी संख्या में लोग प्लेटफार्म के दूसरी ओर खड़े होकर डिब्बों में चढ़ते दिखे। ट्रेन के छूटने तक लोग टिकट लेकर भागते दिखे। कई यात्रियों की ट्रेन भी छूट गई। कानपुर-कासगंज के बीच चलने वाली सभी ट्रेनों का यही हाल रहा। (संवाद)
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें