कमालगंज। फर्रुखाबाद से कानपुर अनवरगंज जा रही पैसेंजर ट्रेन के ऊपर स्टेशन पर खड़ा पेड़ गिर गया। हादसे में प्लेटफार्म पर मौजूद यात्री बाल-बाल बच गए। लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोकी। घटना की जानकारी पर स्टेशन मास्टर टीम के साथ पहुंचे। ट्रेन के पास से पेड़ किनारे कराया। करीब 9 मिनट बाद ट्रेन रवाना हुई।
पैसेंजर ट्रेन संख्या 04136 शुक्रवार रात करीब 9.08 बजे कस्बा के रेलवे स्टेशन पर पहुंची। इसी बीच जनरेटर कक्ष के पास खड़ा सूखा पेड़ अचानक इंजन के पीछे के दूसरे डिब्बे पर गिर गया। लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया। हादसे में प्लेटफार्म पर ट्रेन के इंतजार में खड़े यात्री बाल-बाल बच गए। घटना की जानकारी पर स्टेशन मास्टर अवनीश पटेल मौके पर पहुंचे। उन्होंने गेटमैन व अन्य कर्मचारियों से कहकर ट्रेन के पास से पेड़ का हिस्सा हटवाया। करीब 9 मिनट खड़े रहने के बाद ट्रेन 9.17 बजे अगले स्टेशन के लिए रवाना हुई।
लोगों का कहना है कि यह पेड़ काफी दिनों से सूखा खड़ा था। जिम्मेदार उसे कटवाने की वजह अनहोनी का इंतजार करते रहे। पेड़ अगर लंबा होता तो वह विद्युत लाइन पर भी गिर सकता था।
स्टेशन मास्टर अवनीश पटेल ने बताया कि पेड़ के टुकड़े को हटवा कर ट्रेन रवाना कर दी गई।