शमसाबाद। थाना क्षेत्र के गांव उलियापुर में सोमवार सुबह करीब 11 बजे चरण सिंह के मकान के सामने खड़ा नीम का पेड़ कायमगंज-फर्रुखाबाद मुख्य मार्ग पर गिर पड़ा। आवागमन बाधित हो गया और करीब 30 मिनट तक जाम की स्थिति बनी रही। पेड़ गिरने से सड़क से गुजरने वाले लोगों में अफरा-तफरी मच गई। फैजबाग चौकी इंचार्ज हरीश कुमार ने पेड़ को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। वहीं, पेड़ गिरने से बिजली के दो पोल भी टूट गए। इससे उपकेंद्र हजियांपुर के हरसिंहपुर फीडर की बिजली सुबह 11 बजे से बाधित हो गई। बिजली विभाग के जेई दीपक राम ने बताया कि पेड़ गिरने से बिजली के दो पोल टूट गए हैं। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद बिजली आपूर्ति चालू कर दी जाएगी।