फर्रुखाबाद। मोबाइल को लेकर हुए मामूली विवाद के बाद दंपति ने अपने पुत्र व दो अज्ञात के साथ घर पर हमला बोल दिया। महिला के कपड़े फाड़ दिए और छेड़छाड़ की। पुलिस ने नहीं सुनी, तो डीएम के आदेश पर मुकदमा लिखाया गया है।
मऊदरवाजा थाने के एक मोहल्ला निवासी महिला ने कमालगंज के रजीपुर निवासी सुनील, उसकी पत्नी रजनी व पुत्र पारस व दो अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कराया। कहा कि आरोपी उनके मकान के पास ही रह रहे हैं। रजनी से कुछ दिन पहले पति के मोबाइल को लेकर मामूली विवाद हो गया था। 23 मई की शाम चार बजे आरोपी उसके घर में घुस आए और गाली देने लगे।
विरोध करने पर सुनील ने महिला को बाल पकड़ कर गिरा लिया। कमरे में ले जाकर कपड़े फाड़कर छेड़छाड़ की। मारपीट में उसके काफी चोटें आईं। चीख-पुकार पर मोहल्ले के लोगों के आने पर आरोपी भाग गए। पीड़िता ने थाने में गुहार लगाई, मगर नहीं सुनी गई। इसके बाद जिलाधिकारी के सामने पेश होकर फरियाद की। तब कहीं मुकदमा लिखा जा सका।