फर्रुखाबाद। पुलिस ने एसीएमओ की तहरीर पर फर्जी रेडियोलॉजिस्ट सहित दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने देर रात को दोनों को मुचलके पर छोड़ दिया।
एसीएमओ डॉ. रंजन गौतम की तहरीर पर पुलिस ने मोहम्मदाबाद कोतवाली के गांव नीबकरोरी निवासी नर्सिंग होम संचालक सचिन गुप्ता व जनपद वाराणसी थाना वरुणा गांव बराई चौबेपुर निवासी फर्जी रेडियोलॉजिस्ट अरविंद यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। इसमें बताया कि सचिन गुप्ता ने अपने नर्सिंग होम में अल्ट्रासाउंड सेंटर शुरू करने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। आवेदन में रोडियालॉजिस्ट का नाम डॉ. देवश्री दर्शाया गया था। एसीएमओ के बुलाने पर सचिन गुप्ता फर्जी रेडियोलॉजिस्ट अरविंद को लेकर सीएमओ कार्यालय गए थे।
अरविंद ने अपना नाम डॉ देवश्री बताया। एसीएमओ के एक्सरे व अल्ट्रासाउंड के संबंध में सवाल पूछने पर अरविंद घबरा गया उसने अपना नाम सही बता दिया। उसने बताया कि वह इंटरमीडिएट पास है। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को पकड़कर ले आई थी। पुलिस ने सचिन व अरविंद को मुचलके पर छोड़ दिया।