फर्रुखाबाद। नकली नोटों को बाजार में खपा रहे तीन युवकों को पुलिस ने शुक्रवार को दबोच लिया। उनके पास सात हजार रुपये बरामद हुए थे। पुलिस दो युवकों से पूछताछ कर रही है। एक युवक को छोड़े जाने की चर्चा है।
मऊदरवाजा थाना पुलिस ने 30 सितंबर दोपहर में बीबीगंज स्थित एक डिग्री कॉलेज के पास तीन युवकों को नकली नोट खपाते वक्त पकड़ लिया था। उनके पास से नकली पांच हजार रुपये बरामद हुए। तीनों से थाने में पूछताछ की। इसमें एक गांव भोपतनगला, दूसरा चिलसरा रोड कर्बला चुंगी और तीसरा मोहल्ला शमशेर खानी का निवासी है। पुलिस ने भोपत नगला निवासी युवक से तीन हजार और कर्बला चुंगी के युवक से दो हजार रुपये बरामद किए हैं।
एक युवक ने बताया कि वह हरियाणा की फैक्टरी में काम करता था। वहां एक गोयल नाम का व्यक्ति मिला। उससे मित्रता होने के बाद वहां से नकली नोट लाने लगा।
सीओ सिटी प्रदीप सिंह ने बताया कि नकली नोटों के साथ पकड़े गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।