फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गुरुवार देर शाम बाल श्रम अवमुक्तीकरण एवं जन जागरूकता अभियान चलाया गया।
इसके तहत शहर की दुकानों पर छापेमारी की गई। स्पेयर पार्ट्स व मिष्ठान भंडार पर तीन नाबालिग किशोर काम करते मिले। दुकानदारों को नोटिस जारी कर किशोरों को घर भेज दिया गया।
श्रम प्रवर्तन अधिकारी अनिल कुमार, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी गौतम प्रसाद, नायब तहसीलदार सन्नी कनौजिया व एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट प्रभारी हरिनंदन ओझा के नेतृत्व में लिंजीगंज, साहबगंज चौराहा, घुमना, चौक, ठंडी सड़क, टाउनहाल, रोडवेज बस स्टैंड, रेलवे रोड व आवास विकास क्षेत्र में बालश्रम उन्मूलन व रेस्क्यू अभियान चलाया गया।
रामलीला गड्ढा मैदान में आफताब ऑटो पार्ट्स की दुकान पर 16 वर्षीय हिमांशु पुत्र अमर सिंह निवासी चांदपुर अमेठी, टाउनहाल के नीचे मोहल्ला ढुइंया में रामदेव गुप्ता की दुकान पर 15 वर्षीय कर्नल पुत्र विष्णु दयाल निवासी टाउनहाल व बढ़पुर स्थित अनोखेलाल मिष्ठान भंडार पर 17 वर्षीय लल्ला कुशवाह पुत्र नरेशचंद्र निवासी कांशीराम कॉलोनी हैवतपुर गढि़या कार्य करते मिले।
टीम ने दुकानदार आफताब, रवींद्र गुप्ता व रामदेव गुप्ता को नोटिस जारी किए हैं। जितेंद्र कुमार व कांस्टेबल वैशाली आदि मौजूद रहे।