फर्रुखाबाद। बजरिया पुलिस चौकी से 50 कदम दूरी पर चोरों ने बिल्डिंग मैटीरियल कारोबारी के घर से तीन लाख की चोरी कर ली। वह परिवार के साथ साले की शादी में गए थे। पास में रह रहे भाई के कमरे की बाहर से कुंडी लगा दी। भोर में जानकारी होने पर पिता को आवाज देकर बुलाया।
मऊदरवाजा क्षेत्र के मोहल्ला मौलवी बदन खां निवासी नईम खां बिल्डिंग मैटीरियल (भवन निर्माण सामग्री) बेचने का काम करते हैं। उनका मकान बजरिया चौकी से पीछे 50 कदम दूर है। वह पहली मंजिल पर बने कमरे में बीबी-बच्चों के साथ रहते हैं। शनिवार सुबह तिर्वा में अपने साले की शादी में शामिल होने गए थे। रात में किसी वक्त बाउंड्री के रास्ते चोर अंदर पहुंचे और बाहरी जीने से पहली मंजिल पर गए। वहां कमरे का ताला तोड़कर चोरों ने 50 हजार रुपये, दो जोड़ी झुमकी, दो अंगूठी, कर्णफूल, तोड़िया, गुच्छी आदि करीब तीन लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। पास के ही कमरे में रह रहे भाई फईम जागे, तो उनके कमरे की बाहर से कुंडी लगी थी। उन्होंने आवाज देकर पिता छोटे खां को बुलाया। पिता ने आकर कुंडी खोली।
मकान के पहले निचले हिस्से में पिता और छोटा भाई नसीम परिवार के साथ रहते हैं। नसीम ने बताया कि भाई नईम को सूचना दे दी गई है। वह घर आ रहे हैं। फिलहाल फोन पर बातचीत के बाद करीब तीन लाख का सामान चोरी होना लग रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। पिता छोटे खां ने तहरीर दी है।