फर्रुखाबाद। करीब 10 किलो अफीम के साथ तीन तस्करों को पुलिस व एसओजी ने संयुक्त अभियान में पकड़कर जेल भेज दिया है।
तस्करों में झारखंड की महिला भी शामिल है। यह लोग झारखंड से अफीम लाकर दिल्ली, हरियाणा व पंजाब में बेचते थे।
पकड़ी गई अफीम की कीमत लगभग दो करोड़ के आसपास है।
मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र में काली नदी के पास पुलिस व एसओजी प्रभारी अशोक कुमार ने गुरुवार सुबह रोडवेज बस में चेकिंग की।
इस दौरान झारखंड लातेहार कोतवाली सदर के गांव करबाड़ी निवासी नौशाद आलम, कोतवाली लातेहार सदर के गांव मनफेरी निवासी तहरूल बीबी, बरेली थाना सिरसागंज के गांव मजगवां निवासी इकरार को पकड़ा गया।
तलाशी में इनके बैग से पुलिस ने 10 किलो अफीम बरामद की। पूछताछ में नौशाद ने बताया कि वह इकरार व तहरूल बीबी के साथ झारखंड से अफीम लेकर बरेली जा रहा था।
वहां से अफीम की सप्लाई टुकड़ों में दिल्ली, हरियाणा व पंजाब में की जाती है।
वे काफी समय से तस्करी कर रहे हैं। पुलिस के सक्रिय होने पर वह लोग रोडवेज बसों से आने जाने लगे।
तीनों के खिलाफ दरोगा अकरम ने कोवताली मोहम्मदाबाद में मादक पदार्थ अधिनियम में मुकदमा दर्ज कराया है।
एसपी अशोक कुमार मीणा ने बताया कि महिला को सफर में इसलिए लेकर चलते थे, ताकि पुलिस शक न करे।