फर्रुखाबाद। बिना अनुमति चुनाव कार्यालय खोलकर जनसमूह एकत्र करने में भाजपा सहित तीन प्रत्याशी आचार संहिता उल्लंघन में फंस गए हैं। सिटी मजिस्ट्रेट ने एसडीएम कायमगंज को कार्रवाई से अवगत कराने के आदेश दिए हैं।
नगर निकाय चुनाव की प्रभारी अधिकारी सिटी मजिस्ट्रेट दीपाली भार्गव ने एसडीएम कायमगंज को पत्र भेजा है। इसमें कहा कि नगर पंचायत नवाबगंज में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी प्रशांत कश्यप ने बिना अनुमति 27 अप्रैल को कार्यालय उद्घाटन कराया। जनसमूह एकत्र किया। अध्यक्ष पद के भाजपा प्रत्याशी सर्वेश शाक्य ने भी बिना अनुमति कार्यालय का उद्घाटन किया है। यह आचार संहिता उल्लंघन के मामले हैं। इस संबंध में थानाध्यक्ष द्वारा की गई कार्रवाई से अवगत कराने के आदेश दिये हैं। इसके अलावा शमसाबाद में नगर पंचायत अध्यक्ष पद की भाजपा प्रत्याशी शैफाली गुप्ता ने भी 27 अप्रैल को ही बिना अनुमति चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया था। सिटी मजिस्ट्रेट ने आचार संहिता उल्लंघन के तीनों मामलों में कार्रवाई के संबंध में जवाब मांगा है।
सभासद प्रत्याशियों पर कार्रवाई के निर्देश
फर्रुखाबाद। सिटी मजिस्ट्रेट दीपाली भार्गव ने तहसीलदार सदर, प्रभारी अधिकारी शहर व फतेहगढ़ कोतवाल, मऊदरवाजा थानाध्यक्ष को पत्र जारी किया। इसमें कहा कि चुनाव कंट्रोल रूम में सभासद प्रत्याशियों की बिना अनुमति कार्यालय खोलने और तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजाने की शिकायतें मिल रही हैं।
फतेहगढ़ के मोहल्ला गाड़ीखाना में सभासद के तीन प्रत्याशियों ने बिना अनुमति कार्यालय खोल लिए हैं। वहां हुड़दंग होने के साथ सड़क पर वाहन खड़े होने रास्ता भी अवरुद्ध हो रहा है। इसके अलावा फर्रुखाबाद व फतेहगढ़ के मोहल्लों की गलियों में मनमाने तरीके से चुनाव कार्यालय खोले गए हैं। वहां भीड़ लगने के साथ सड़क पर लोग कुर्सी डालकर बैठ रहे हैं। इससे स्थानीय निवासियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने ऐसे सभी सभासद प्रत्याशियों के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन की कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। (संवाद)