फर्रुखाबाद। कोर्ट के आदेश पर पिता ने पुत्र, बहू सहित तीन के खिलाफ मारपीट कर 10 दस लाख के सोने-चांदी के जेवर चोरी करने का मुकदमा दर्ज कराया है।
कादरीगेट थाना क्षेत्र के न्यू कालोनी सातनपुर निवासी मेघनाथ ने कोर्ट के आदेश पर पुत्र सोनप्रताप, बहू रोशनी, जनपद कानपुर देहात थाना रूरा गांव अमौली ठगरान निवासी बहू के भाई शिवम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। इसमें आरोप लगाया कि मंझला पुत्र सोन प्रताप व बहू राेशनी आए दिन रुपयों की मांग करते हैं।
मना करने पर यह लोग मारपीट कर उसको प्रताड़ित करते हैं। इससे पहले भी कई बार मारपीट कर धमकी दे चुके हैं। 25 जून को पुत्र व बहू ने पीटा। इसके बाद सामान लादकर कानपुर देहात ससुराल चले गए। बाद में पता चला कि यह लोग पत्नी का दस लाख का सोने-चांदी का जेवर भी अपने साथ साजिश के तहत ले गए। फोन करके जेवर मांगे तो शिवम ने गाली-गलौज कर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। एसओ अवध नारायण पांडेय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है।