नवाबगंज। बिजली के खंभे में उतरे करंट से तीन भैंसें मर गईं। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगा नवाबगंज-फर्रुखाबाद मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। आधे घंटे बाद पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवा दिया।
थाना क्षेत्र के गांव घुमइया रसूलपुर निवासी अमर सिंह ने बताया कि उसकी तीन भैंसें शनिवार को घर के बाहर बिजली के खंभे के पास बंधी थीं। रात में खंभे में उतरे करंट की चपेट में आने से दो भैंसें मर गई। एक गंभीर रूप से झुलस गई। उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। इससे गुस्साए लोगों ने उपकेंद्र पहुंचकर बिजली बंद करा दी। नवाबगंज-फर्रुखाबाद मार्ग पर ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी कर जाम लगा दिया।
ग्रामीण बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग की। जाम लगने से दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। सूचना पर एसओ जेपी शर्मा फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया। लेखपाल ने नुकसान का आंकलन किया है।