फर्रुखाबाद। तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार तीन दोस्त घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। तीनों को अस्पताल से रेफर कर दिया गया।
शहर कोतवाली के मोहल्ला कछियाना निवासी साहिल (22) अपने दोस्त राजेपुर के गांव मोहद्दीपुर निवासी पिंटू (23) व शेखर यादव (21) के साथ बाइक से अलीगंज गए थे। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे तीनों घर लौट रहे थे। कायमगंज मार्ग पर बरौन गांव के पास फर्रुखाबाद से जा रही तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पेड़ से टकरा गई। बाइक सवार दूर जा गिरे।
आसपास लोगों की मदद से पुलिस ने बाइक सवारों को बरौन सीएचसी भेजा। वहां से साहिल को लोहिया अस्पताल लाया गया। हालत गंभीर होने पर रेफर किया गया। राहगीरों के अनुसार बाइक चला रहा साहिल हेलमेट नहीं लगाए था। परिजन भी अस्पताल पहुंच गए हैं। कार सवार मौके से भाग गया। वाहनों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।