कंपिल (फर्रुखाबाद)। डेढ़ माह पहले हुई चोरी के मामले में पुलिस ने सरगना सहित तीन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने इनके पास से चोरी के जेवर व नकदी बरामद की है।
थाना क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर खास निवासी कुलदीप 11 अगस्त की रात परिजनों के साथ घर में सो रहे थे। रात को चोर दीवार फांदकर घर में घुस आए। सोने-चांदी के जेवर व नकदी चोरी कर ले गए थे। इस मामले में पुलिस ने दूसरे दिन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था।
खुलासे में जुटी पुलिस ने जनपद शाहजहांपुर थाना रौजा गांव गुर्री चौकी निवासी तनवीर उर्फ शिवा, जनपद बरेली थाना सिरौली मोहल्ला प्यास निवासी सौकीन, अबराम उर्फ लालू को पकड़ लिया। पूछताछ में इन लोगों ने बताया कि वह दिन में फेरी लगाकर गांव के एकांत मकानों को चिन्हित करते हैं। इसके बाद चोरी की घटना को अंजाम देते हैं। एक इलाके में वह महज 15 दिन तक ही डेरा डालते हैं। फिर दूसरे स्थान पर चले जाते हैं।
पुलिस ने पकड़े गए चोरों की निशानदेही पर एक जोड़ी सोने के टॉप्स्, एक मंगलसूत्र, दो जोड़ी पायल, 26 सौ रुपये की नकदी बरामद की। पूछने पर इन लोगों ने बताया कि जेवर कुछ राहगीरों को बेच दिए थे। पुलिस ने तीनों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। एसओ विश्वनाथ आर्या ने बताया कि चोरी के मामले में पकड़े गए तीनों लोगों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।