फर्रुखाबाद। केसरिया रंग का कुर्ता पहनकर नमाज पढ़ने गए आसिफ को इमाम ने धमकी दी थी। इस पर इमाम के खिलाफ उसने मुकदमा दर्ज कराया था। अब मुकदमा वापस लेने के लिए उसे धमकियां मिल रही हैं।
शमसाबाद कस्बा के मोहल्ला काजीटोला निवासी आसिफ अली खां ने जिलाधिकारी से शिकायत की। इसमें कहा कि 10 मई को वह केसरिया रंग का कुर्ता पहनकर मस्जिद में जुमे की नमाज पढ़ने गए थे। इस पर इमाम ने उन्हें सार्वजनिक रूप से अपमानित कर दोबारा केसरिया रंग का कुर्ता पहनकर मस्जिद में न आने की धमकी दी थी। इस पर उन्होंने इमाम के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया था। इसके बाद से समाज के कट्टरपंथी व असमाजिक लोग मुकदमा वापस लेने के लिए उसे व परिजनों को धमका रहे हैं। न मानने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी जा रही है। इससे उनका परिवार दहशत में है। महौल को देखते हुए उन्हें अनहोनी की आशंका है। आसिफ अली खां ने खुद व परिवार की सुरक्षा के साथ आरोपियों पर कार्रवाई करने की मांग की है।