मोहम्मदाबाद। मकान के मुख्य गेट की कुंडी काटकर घर में घुसे चोर अलमारी बक्से का लॉक तोड़कर नकदी और जेवर चुरा ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर कार्रवाई का भरोसा दिया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव मौधा निवासी क्षितिज राठौर बुधवार की रात मां साधना के साथ मकान के ऊपरी हिस्से में सो रहा था। नीचे के कमरे में दादी मिथलेश रहती हैं, जो इन दिनों बाहर गई हुई हैं। मकान के मुख्य गेट की कुंडी अंदर से बंद थी। रात में चोर कुंडी काटकर अंदर घुस गए। चोरों ने कमरे में रखी अलमारी और बक्से के ताले तोड़ दिए। उसमें रखे 25 हजार रुपये, सोने-चांदी के जेवर चुरा ले गए।
गुरुवार की सुबह साधना देवी ऊपर से नीचे आई। मुख्य गेट खुला व कुंडी टूटी देखकर दंग रह गई। कमरे में अलमारी व बक्सा खुला पड़ा था। सामान बिखरा हुआ था। साधना के शोर मचाने पर पुत्र क्षितिज भी नीचे आ गया। उसने चोरी की सूचना पुलिस को दी।
लगभग दो घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। घर में आने-जाने वाले लोगों के बारे में जानकारी की। क्षितिज ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने जांच के बाद मुकदमा दर्ज करने का भरोसा दिया।