कायमगंज। चोरों ने एक रात में एक बंद घर व परचून दुकान के ताले तोड़ दिए। चोरों ने बंद घर से जेवर व परचून दुकान से घी, तेल व चीनी चोरी कर लिए।
गांव अताईपुर जदीद निवासी रवेंद्र सिंह की गांव में सड़क किनारे परचून दुकान है। गुरुवार रात चोरों ने परचून दुकान के ताले तोड़कर सामान व कुछ नकदी चोरी कर ली। शुक्रवार सुबह दुकानदार जब दुकान खोलने पहुंचे तो उन्होंने ताला टूटा देखा। कुछ ही देर में वहां भीड़ जमा हो गई। रवेंद्र ने बताया कि उनकी दुकान से घी, तेल, चीनी, दालें, मसाले व अन्य खाने पीने का सामान चोरी हो गया। इसके अलावा करीब एक हजार रुपये चोरी हो गए। कुल 10-12 हजार रुपये का माल चोरी होना बताया गया। इसी गांव के चंद्रशेखर शाक्य के बंद घर में चोर दीवार के सहारे घुस गए। कमरे व बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने के कुंडल व पायल चोरी कर ले गए।
चंद्रशेखर की पत्नी पुष्पा देवी ने बताया कि वे कायमगंज में काम करती हैं। सर्दी की वजह से दो दिन से वहीं रह रहीं थीं। मकान बंद था। बंद मकान से चोरों ने चोरी कर ली। गांव के नन्हे के घर में ताला तोड़ने का प्रयास किया। सूचना पर डायल 112 नंबर पुलिस पहुंची। पुलिस ने मौके पर जाकर छानबीन की है।
एस आई सुनील कुमार ने बताया कि सूचना पर जांच पड़ताल की गई है। कुछ संदिग्धों की तलाश में हैं।जल्द ही कार्रवाई कर खुलासा किया जाएगा।