फर्रुखाबाद। आवास विकास चौकी क्षेत्र में भाकियू नेता की दुकान के ताले तोड़कर चोरों ने 65 हजार रुपये समेत डेढ़ लाख का सामान चोरी कर लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दे दी है।
कादरीगेट थाने के मोहल्ला आवास विकास कालोनी निवासी भाकियू के मीडिया प्रभारी मुकेश शर्मा की क्रिश्चियन काॅलेज मैदान में कंप्यूटर की दुकान है। बुधवार रात पौने 10 बजे वह दुकान बंद करके घर चले गए। गुरुवार सुबह साढ़े 10 बजे दुकान पर पहुंचे, तो शटर के ताले टूटे मिले। दुकान का सामान फैला पड़ा था। चोर दुकान में रखे 65 हजार रुपये, दो मोबाइल, एक कैमरा, अन्य काफी सामान और सभी महत्वपूर्ण कागजात चोरी कर ले गए। भाकियू नेता की सूचना पर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने घटना की जांच की। आसपास के सीसीटीवी कैमरों को देखने का प्रयास किया जाता रहा। पुलिस ने देर शाम तक मुकदमा दर्ज नहीं किया है। भाकियू नेता ने बताया कि दुकान पर वसूली के रुपये रखे थे। करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है।