जहानगंज। क्षेत्र के गांव भरतामऊ स्थित गोशाला में बदहाली देखने गए युवकों ने गेट न खोलने पर जबरन घुसकर गोपालकों को पीट दिया। गोपालक ने युवकों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
गांव भरतामऊ स्थित गोशाला में 225 गोवंश हैं। यहां गोवंश के लिए न तो पर्याप्त भूसा है और न ही दाना। शनिवार शाम चार-पांच युवक गोशाला पहुंचे और गोपालकों से गेट खोलने के लिए कहा। युवकों ने कहा कि गोवंश को भूसा-दाना भी नहीं मिल रहा है। गोपालक नत्थूलाल व गुड्डू ने गेट खोलने और गोशाला दिखाने से मना कर दिया। इससे गुस्साए युवक तार कूदकर गोशाला में घुस गए और दोनों गोपालकों की पिटाई कर दी। इसके बाद युवक वहां से चले गए।
गोपालकों ने इसकी सूचना गोशाला संरक्षक पवित्र प्रताप सिंह को दी। जानकारी पर रविवार को प्रधान अशोक कुमार व पशु चिकित्सक अनुज दुबे गोशाला पहुंचे। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। गोशाला में व्यवस्थाएं देखीं तो स्टाक में मात्र छह क्विंटल भूसा बताया गया। चार गोपालकों को चार माह से मानदेय न मिलने की भी शिकायत की गई। प्रधान अशोक कुमार की सहमति पर गोपालक नत्थूलाल की ओर से चार-पांच अज्ञात युवकों के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई। यह भी कहा कि युवकों के सामने आने पर वह उन्हें पहचान लेंगे। थानाध्यक्ष बलराज भाटी ने बताया कि तहरीर मिली है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।