कायमगंज। युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। इस पर पुलिस ने पंचनामा भरकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजन आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं कर सके।
कोतवाली क्षेत्र के गांव रायपुर के मोहल्ला गुलरिया निवासी बिंटू के दो पुत्र प्रदीप (22) व छोटा उर्फ कुलदीप (18) दिल्ली में सिलाई का काम करते थे।
कुलदीप सोमवार रात करीब 11 बजे दिल्ली से घर लौटा और अपने पिता से कमरे की चाबी मांगी। इसके बाद कमरे में जाकर सो गया।
सुबह जब काफी देर तक बाहर नहीं निकला तो पिता ने दरवाजे के छेद से झांक कर देखा तो वह फंदे पर लटका रहा था।
यह देख पिता ने चीखपुकार पर मचाई तो पड़ोसी पहुंच गए। सूचना पर पहुंचे मंडी चौकी प्रभारी अमित शर्मा ने कुंडी तोड़कर दरवाजा खोला और शव को नीचे उतरवाया।
पिता उसकी आत्महत्या का कारण नहीं बता सके। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी का काफी समय पहले देहांत हो चुका है।
दादी ने दोनों भाइयों की परवरिश की। चार साल पहले दादी की भी मौत हो गई। घर में युवक के पिता अकेले रहते थे। परिजन आत्महत्या के कारण पर चुप्पी साधे हैं।