फर्रुखाबाद। शिक्षा विभाग के शिकंजा कसते ही जनपद के 107 विद्यालयों की मान्यता पर तलवार लटक गई है। वर्ष 2021 से पहले मान्यता प्राप्त करने वाले विद्यालयों को तभी यू-डायस नंबर जारी किया जाएगा, जब वह शासन से निर्धारित प्रमाणपत्र को भरकर कार्यालय में जमा करेंगेे। जो भी विद्यालय यह प्रमाणपत्र जमा नहीं करेगा, उनकी मान्यता निरस्त कर दी जाएगी। जिला बेसिक शिक्षाधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन को पत्र भेजकर प्रमाणपत्र जमा करने के निर्देश दिए हैं।
अभी तक शासन के आदेेश थे कि मान्यता प्राप्त सभी स्कूलों को यू-डायस नंबर जारी किए जाएं, लेकिन बीते दिनों शासनादेश में फेरबदल कर दिया गया। नए आदेश में वर्ष 2021 से पहले जिन विद्यालयों को मान्यता मिली है, उनको यू-डायस नंबर तभी जारी किया जाएगा, जब वह शासन से निर्धारित प्रमाण पत्र में दी गई अर्हताएं पूरी कर बीएसए कार्यालय में जमा करेंगेे।
इस आदेश के चलते जनपद के 107 विद्यालयों को यू-डायस नंबर जारी नहीं किए जा सके। इन विद्यालयों की सूची में सांसद मुकेश राजपूत का माता चंद्रावती इंटर काॅलेज समेत कई अन्य नामी-गिरामी विद्यालय शामिल हैं। बीएसए व डीआइओएस ने इन सभी विद्यालयों को पत्र भेजकर 15 नवंबर तक शासन से निर्धारित प्रमाणपत्र भरकर कार्यालय में जमा करने के निर्देश दिए हैं।
डीआइओएस नरेंद्र पाल सिंह व बीएसए गौतम प्रसाद ने बताया कि जो विद्यालय संबंधित प्रमाण पत्र जमा नहीं करेगा, उसकी मान्यता निरस्त कर दी जाएगी।
डीआइओएस, बीएसए व बीईओ के हस्ताक्षर आवश्यक
वर्ष 2021 से पहले मान्यता प्राप्त कर चुके विद्यालयों को प्रमाणपत्र भरने के बाद संबंधित बीईओ व बीएसए के हस्ताक्षर अनिवार्य रूप से कराने होंगे। मदरसा के लिए जिला समाज कल्याण अधिकारी व माध्यमिक विद्यालय के लिए डीआईओएस के हस्ताक्षर अनिवार्य होंगे। इनके हस्ताक्षर के बाद ही प्रमाण पत्र को शासन भेजा जाएगा।
वर्ष 2021 से पहले मान्यता प्राप्त करने वाले विद्यालयों की ब्लाॅक वार सूची
ब्लाॅक - विद्यालय संख्या
कायमगंज - 11
नगर क्षेत्र फर्रुखाबाद - 37
राजेपुर - 08
नवाबगंज - 05
कमालगंज - 08
शमसाबाद - 14
बढ़पुर - 11
मोहम्मदाबाद - 10
कायमगंज नगर क्षेत्र - 03
कुल विद्यालय - 107
-