फर्रुखाबाद। मोहम्मदाबाद ब्लाॅक क्षेत्र की गोशाला सितवनपुर पिथू से 164 गोवंश गायब होने की जांच करने पहुंचे एडीओ इंतजार करते रहे। सचिव व कमेटी के सदस्य न पहुंचने से गोवंशो की गणना नहीं हो सकी। एडीओ ने मामले की रिपोर्ट बीडीओ को सौंपी है।
वित्तीय अनियमितता की सुर्खियों में रहने वाली सितवनपुर पिथू गोशाला से 164 गोवंश गायब हैं। प्रधान शेर बहादुर ने जिलाधिकारी से शिकायत की थी कि गोशाला के रजिस्टर में 844 गोवंश दर्ज हैं, जबकि मौके पर 680 गोवंश ही मिले। उन्होंने सचिव और उनके निलंबन के दौरान गठित तीन सदस्यीय कमेटी पर आरोप लगाए हैं।
इस मामले में सचिव को पूर्व नोटिस जारी कर एडीओ गिरंद सिंह निर्धारित समय बुधवार सुबह नौ बजे गोशाला पहुंचे। वहां प्रधान भी आ गए। करीब डेढ़ घंटे इंतजार के बावजूद गोवंश की गणना कराने न तो सचिव राजीव गौतम पहुंचे और न ही कमेटी के सदस्य। एडीओ गिरंद वर्मा ने बताया कि सचिव व कमेटी के सदस्य न पहुंचने से गोवंश की गणना नहीं हो सकी। उन्होंने इस संबंध में बीडीओ को रिपोर्ट दे दी है।