अमृतपुर। गत वर्ष बाढ़ में कटी सड़क दो माह पहले ही बनाई गई थी। एक सप्ताह से हो रही बारिश के चलते सड़क फिर कट गई। इससे बड़े वाहनों का निकलना बंद हो गया। ग्रामीणों को आने जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
तहसील क्षेत्र के कई संपर्क मार्ग गत वर्ष गंगा व रामगंगा में आई बाढ़ में कट गए थे। इसमें जमापुर से दारापुर को जाने वाला दाड़ीपुर मार्ग भी बाढ़ में कट गया था। इससे कई गांव का आवागमन करीब आठ माह तक बंद रहा। लोक सभा चुनाव से पहले पीडब्ल्यूडी ने करीब 20 मीटर कटी इस सड़क की मरम्मत का ठेका दिया।
ठेकेदार ने मरम्मत के नाम पर खानापूरी कर दी। इसका नतीजा यह रहा कि बाढ़ आने से पहले बारिश में ही शनिवार को सड़क कट गई। इससे ग्रामीणों का निकलना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार ने मानक के अनुसार काम नहीं कराया। इसी वजह से सड़क दो माह में ही कट गई है। कार, ट्रैक्टर आदि बड़े वाहन नहीं निकल पा रहे हैं, पैदल निकलना भी मुश्किल है।
पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता अशोक यादव ने बताया कि सड़क कटने की जानकारी नहीं मिली है। वह मौके पर जाकर देखेंगे। अभी ठेकेदार का भुगतान नहीं किया गया है। शीघ्र ही समस्या का निस्तारण किया जाएगा।