अमृतपुर। महिला अपराधों को लेकर सख्त नियमों के बावजूद छेड़छाड़ व मारपीट के मामले में पांचवें दिन पीड़िता का मेडिकल सीएचसी में हुआ। पीड़िता महिला सिपाही के साथ सीएचसी से जिला अस्पताल तक चक्कर काटती रही।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी ग्रामीण ने आठ अक्तूबर को गांव के कल्लू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। इसमें आरोप लगाया कि पांच अक्तूबर को 18 वर्ष की पुत्री रात को घर में सो रही थी। उसी दौरान कल्लू घर में घुस आया और पुत्री के साथ छेड़छाड़ करने लगा।
विरोध करने पर कल्लू ने पुत्री के साथ मारपीट कर दी। आस पास के लोगों के ललकारने पर कल्लू घर से भाग गया। महिला सिपाही के साथ छेड़छाड़ पीड़िता को मेडिकल के लिए सीएचसी व लोहिया अस्पताल भेजा गया।
जहां डॉक्टर के छुट्टी चले जाने का हवाला देकर उसे वापस भेज दिया गया था। चार दिन तक महिला सिपाही पीड़िता को लेकर चक्कर काटती रही। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद सोमवार को सीएचसी में डॉ. सोनू सिंह ने पीड़िता का मारपीट का मेडिकल किया।
एसओ मीनेश पचौरी ने बताया कि युवती का मेडिकल हो गया है। उसके चोट की पुष्टि नहीं हुई है।