यंवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखाबाद। दहेज में दस लाख की मांग नहीं पूरी होने पर ससुरालीजनों ने महिला को प्रताड़ित कर घर से निकाल दिया। जनपद औरेया थाना बिधूना मोहल्ला गांधी नगर निवासी सेजल गुप्ता ने फतेहगढ़ कोतवाली में मोहल्ला नेकपुर निवासी पति आकाश गुप्ता, जेठ राहुल गुप्ता, ससुर अनिल गुप्ता, सास मीना गुप्ता, जेठानी शिल्पी गुप्ता, ननद वैष्णवी गुप्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
आरोप लगाया कि आकाश गुप्ता से 20 जनवरी 2022 को शादी की थी। आठ माह बाद उसको एक पुत्र हुआ। एक माह बाद ही ससुरालीजन दूसरा बच्चा करने का दबाव बनाने लगे। ससुरालीजनों का कहना था कि जेठानी को पांच वर्ष से एक भी संतान नहीं हुई है। यह बेटा जेठानी को दे दो। इन्कार करने पर यह लोग सेजल से दस लाख रुपये दहेज की मांग कर प्रताड़ित करने लगे। मांग नहीं पूरी होने पर घर से निकाल दिया। थाने में शिकायत करने पर ससुरालीजनों ने समझौता कर 15 दिन में मायके से ले जाने की बात कही, लेकिन उसके बाद से लेने के लिए नहीं आए। कोतवाल सचिन कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। (संवाद)