संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखाबाद। हाईकोर्ट व बीएसए के आदेश को भी ठेंगा दिखाने से प्रधानाध्यापक चूक नहीं रहे है। अग्निशमन यंत्र के नाम पर एक्सपायर फायर एक्स्टिंग्यूशर व खाली बाल्टी टांगने से भी परहेज कर रहे हैं। ऐसे में नौनिहालों की जान की सुरक्षा से मजाक किया जा रहा है। हाल में ही नवाबगंज क्षेत्र के स्कूल में खाना बनाते समय सिलिंडर में लगी आग से हड़कंप मच गया था। प्रधानाध्यापक आग की लपटों में बेहोश हो गए थे।
स्कूल में रखे फायर एक्सटिंग्यूशर आग बुझाने में पूरे नहीं पड़े। बाल्टी व बालू नहीं होने पर स्थानीय जिला पंचायत सदस्य दो फायर एक्सटिंग्यूशर लेकर पहुंचे तब कहीं जाकर आग को काबू में किया जा सका था। उस घटना से भी सबक नहीं लिया गया।
कंपोजिट प्राथमिक स्कूल मदारवाड़ी में शनिवार को प्रधानाध्यापक श्वेता पटेल सहित अन्य शिक्षक शिक्षण कार्य में लगे हुए थे। स्कूल में 137 बच्चे पंजीकृत हैं। रसोईघर में खाना बन रहा था। पड़ताल करने पहुंचे लोगों को देखकर शिक्षक स्टैंड उठाकर ले आए। उसमें खाली सिलेंडर टांगने लगे। दो फायर एक्सटिंग्यूशर लेकर आए दोनों ही एक्सपायर हो चुके थे। उनको रिफिल भी नहीं कराया गया।
कन्या प्राथमिक स्कूल चांदपुर में प्रधानाध्यापक सुमित देवी राठौर सहित अन्य स्टाफ आया हुआ था। बच्चे पढ़ाई कर रहे थे। रसोइया खाना बनाने की तैयारी में लगी हुई थी। स्कूल में बाल्टी खाली टंगी हुई थी। उसमें कबाड़ भरा हुआ था। फायर एक्सटिंग्यूशर एक्सपायर पाए गए। पूछने पर बताया कि रिफिल करने के लिए संपर्क किया जा रहा है।
कन्या उच्च प्राथमिक स्कूल चांदपुर में प्रधानाध्यापक कंचनलता सहित अन्य कर्मचारी आए हुए थे। कक्षाओं में शिक्षण का कार्य चल रहा था। यहां पर बाल्टी बालू व स्टैंड नहीं दिखाई दिया। फायर एक्सटिंग्यूशर कहीं धूल फांक रहे होंगे। ऐसे में बच्चों की आग से बचने की सुरक्षा को लेकर स्टाफ गंभीर नहीं दिखा।
प्राथमिक स्कूल बाग लकूला में प्रधानाध्यापक रजनीश दीक्षित की अगुवाई में 63 बच्चों को सभी शिक्षक पढ़ा रहे थे। रसोईघर में गैस चूल्हे पर खाना बन रहा था। गैस चूल्हे व सिलेंडर के बीच में लगा पाइप काफी पुराना हो चुका था। उसकी लंबाई भी मानक से कम थी। यहां अग्निशमन के कोई ठोस इंतजाम नहीं पाए गए।
क्या बोले जिम्मेदार
जिला बेसिक शिक्षाधिकारी गौतम प्रसाद ने बताया कि सभी खंड शिक्षाधिकारियों सहित प्रधानाध्यापकों को स्कूल में उपयुक्त स्थान पर फायर एक्सटिंग्यूशर लगाने के आदेश दिए गए हैं। आदेश की अवहेलना करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।