मोहम्मदाबाद। जयमाल के दौरान दूल्हे को मिर्गी का दौड़ा पड़ने पर दुल्हन ने शादी से इन्कार कर दिया। वर पक्ष ने शादी का दबाव बनाया तो कन्या ने आत्महत्या करने की धमकी दी। इस पर वर पक्ष बरात लेकर लौट गया।
मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के ग्रामीण की पुत्री की बरात 23 फरवरी को कानपुर से आई थी। रात करीब नौ बजे जयमाल के दौरान दूल्हे को मिर्गी का दौड़ा पड़ गया और वह स्टेज पर गिर गया। स्वजन दूल्हे को उठाकर जनवासे (बारात ठहराने वाला स्थान) ले गए। करीब आधा घंटे बाद दूल्हे को होश आया और दोबारा जयमाल का कार्यक्रम संपन्न हुआ।
सुबह फेरों के समय दुल्हन ने शादी करने से इन्कार कर दिया। स्वजनों ने उसे काफी समझाया, लेकिन वह नहीं मानी। उसने धमकी दी कि अगर जबरदस्ती की तो वह आत्महत्या कर लेगी। काफी देर पंचायत पड़ने के बावजूद कन्या पक्ष शादी करने को तैयार नहीं हुआ। इस पर वर पक्ष बिना दुल्हन लिए ही बैरंग लौट गया। मामले की सूचना पुलिस को नहीं दी गई।