फर्रुखाबाद। काली नदी में मिले युवती के शव के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में छह दिन पूर्व नाक व मुंह दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है।
दुष्कर्म की पुष्टि के लिए स्लाइड बनाई गई है। डीएनए टेस्ट के लिए उसके बालों का सैंपल लिया गया है। अभी तक युवती की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र की चौकी ताजपुर क्षेत्र में काली नदी में 18 वर्ष की एक युवती का मंगलवार को शव उतराता हुआ मिला था।
शव की शिनाख्त नहीं हो पाई थी। युवती काले रंग का कुर्ता व महरून रंग की पैजामी पहने थी। बुधवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
शिनाख्त के लिए युवती के डीएनए टेस्ट के लिए बालों का नमूना लिया गया है। युवती के सीने व कंधे पर दो चोंट के निशान मिले।
युवती के पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी कराई गई। सीओ मोहम्मदाबाद अरुण कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।