संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखाबाद। जानमाल की धमकी देने के मामले में आढ़ती दंपती से बचाव पक्ष के वकीलाें ने बसपा नेता के सामने जिरह की। दूसरे मुकदमे में वादी गवाही देने नहीं आया। दोनों मुकदमे में सुनवाई के लिए 24 अगस्त की तिथि नियत की गई।
जनपद कन्नौज कोतवाली छिबरामऊ मोहल्ला नई बस्ती निवासी आढ़ती राजेश चौहान ने बसपा नेता डॉ अनुपम दुबे के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमे में आढ़ती राजेश चौहान व उसकी पत्नी राधा की गवाही हो चुकी है। गुरुवार को गवाह दंपती को जिरह के लिए सीजेएम कोर्ट में बुलाया गया।
फिरोजाबाद जेल से बसपा नेता अनुपम को कड़ी सुरक्षा में पेशी पर लाया गया। कोर्ट में बचाव पक्ष के वकीलों ने बसपा नेता की मौजूदगी में आढ़ती राजेश चौहान व राधा से जिरह कर कई सवाल किए। कई सवालों के जवाब में गवाह राजेश उलझ गए और सही बात नहीं बता सके।
जान से मारने की धमकी के दूसरे मुकदमे में वादी कोर्ट में गुरुवार को भी प्रस्तुत नहीं हुआ। कोर्ट ने दोनों मुकदमों में सुनवाई के लिए 24 अगस्त की तिथि नियत कर दी है। सुरक्षा को लेकर फतेहगढ़ कोतवाल सचिन कुमार सिंह फोर्स के साथ वहां डटे रहे।