फर्रुखाबाद। सह खातेदारों की जमीन की पैमाइश कराने के बाद कब्जा लेने पहुंचे दंपती को मारपीट कर घायल कर दिया गया। पीड़ित ने 14 लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया।
मऊदरवाजा थाने के गांव हरसिंहपुर गोवा निवासी ओमवीर सिंह की पत्नी उर्मिला देवी के नाम गांव में ही जमीन है। उस जमीन में कई सहखातेदार भी हैं।
उर्मिला ने जमीन पर कब्जा कराने के लिए कई बार पुलिस से गुहार लगाई। 14 मई 2016 में थाने में लिखित समझौता के बावजूद कब्जा नहीं करने दिया गया।
इस पर उर्मिला ने कायमगंज एसडीएम के आदेश पर पुलिस की देखरेख में नौ नवंबर को जमीन की पैमाइश कराई।
फिर भी कब्जा न हो सका तो एसडीएम, तहसीलदार, कानूनगो ने टीम के साथ मौके पर 14 नवंबर को दोबारा पैमाइश करवा दी।
16 नवंबर को उर्मिला और ओमवीर ईंटें लेकर कब्जा करने गए तो सहखातेदार अजमेर सिंह, कृष्ण कुमार, अजय कुमार, निखिल, सुभाष चंद्र, नाहर सिंह, शरद कुमार, बाबू, सर्वेश सिंह, रमेश सिंह, सचिन सिंह, महेश सिंह, सुरेश व सच्चेराम ने दंपती को मारपीट कर भगा दिया।
उर्मिला की तहरीर पर पुलिस ने सभी 14 लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।