कमालगंज। चकरोड की भूमि पर बनी पूर्व प्रधान के पति व सपा नेता के स्कूल की 50 फीट लंबी बाउंड्रीवाल को बुधवार दोपहर राजस्व कर्मचारियों की टीम ने नापजोख के बाद जेसीबी से गिरवा दिया।
17 अक्तूबर को तहसीलदार न्यायालय में दीवार गिराने का आदेश हुआ था।
राजस्व निरीक्षक शैलेंद्र सिंह, क्षेत्रीय लेखपाल प्रदीप माथुर, धीरेंद्र सिंह व अजीत गुप्ता की टीम बुधवार दोपहर जेसीब लेकर पाहला गांव में स्थित पूर्व प्रधान के पति व सपा नेता नरेंद्र यादव उर्फ राजू के एसडी इंटर कॉलेज में पहुंची।
राजस्व टीम ने मौजूद लोगों से कहा कि स्कूल की उत्तर दिशा की तरफ बनी बाउंड्रीवाल की करीब 50 फीट दीवार चक रोड पर बनी है।
इस संबंध में तहसीलदार सदर न्यायालय से बेदखली का आदेश 17 अक्तूबर को पारित हुआ था। राजस्व कर्मचारियों ने नापजोख करने के बाद चूना डालकर चिह्न लगाए।
इसके बाद जेसीबी से अतिक्रमण वाली बाउंड्रीवाल का करीब 50 फीट लंबा हिस्सा गिरा दिया गया। राजस्व निरीक्षक ने बताया कि न्यायालय के बेदखली आदेश के क्रियान्वयन के क्रम में अवैध कब्जा गिरा दिया गया।
अनुपालन आख्या न्यायालय में जमा की जाएगी।
नरेंद्र यादव ने बताया कि करीब 13 वर्ष पूर्व उन्होंने साढ़े 28 बीघा खेत खरीदा था। इसमें स्कूल बना है। उस समय चकरोड नहीं था।
नापजोख में करीब डेढ़ फीट जमीन अतिक्रमण में थी। इसके एवज में वह पीछे तीन फीट जमीन दे रहे थे, लेकिन अधिकारी नहीं माने।