कमालगंज। बीईओ के दफ्तर में घुसकर दिनदहाड़े एआरपी के गोली मारकर हमलावर के फरार होने के मामले में दूसरे दिन सुबह से ही स्वाट टीम, सर्विलांस टीम व सीओ कस्बे में डेरा जमाए रहे। एसओजी ने आरोपी शिक्षक को हिरासत में लिया है। वहीं पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि गोली मारकर भागा हमलावर कपड़े बदलकर बाइक से दोबारा घटनास्थल पर पहुंचा था।
गुरुवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे सीओ अमृतपुर रविन्द्र नाथ राय थाने पहुंचे। उधर, एसओजी प्रभारी जितेंद्र पटेल, सर्विलांस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने कार्यालय में मौजूद वरिष्ठ लिपिक ऋषभ शुक्ला, लेखाकार नीरज कुमार, सुशील, साहिल से पूछताछ की। स्वाट व सर्विलांस टीम ने हमलावर के भागने वाले रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरे देखे। एसओजी टीम आरोपी शिक्षक वीरेंद्र सिंह को पकड़ कर पूछताछ कर रही है।
सूत्रों की माने तो पुलिस को जांच में पता चला है कि हमलावर कपड़े बदलने के बाद बाइक से घटनास्थल पर गया था। बाइक पर पीछे एक महिला भी बैठी दिखी। यह पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुआ है। अब पुलिस उस बाइक व हमलावर को पकड़ने में जुटी है। थानाध्यक्ष राजेश राय ने बताया कि कई टीमें मामले के खुलासे में लगी हैं। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।
घटना के बाद निजी अस्पताल में घुसा हमलावर, कपड़े बदल भागा
कमालगंज। बीआरसी पर महिला के वेष में पहुंचे हमलावर ने विश्राम सिंह के पेट में तमंचे से गोली मारी थी। इसके बाद हमलावर गली से भागकर पुरानी पंजाब नेशनल बैंक के पास निकला। वह एक निजी अस्पताल में घुस गया। वहां मौजूद कर्मचारी से बाथरूम का रास्ता पूछा और फिर वहां से निकल गया। यहां से हमलावर नगर पंचायत कार्यालय की ओर गया और भाग गया। यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई है।
वहीं, शाम करीब साढ़े 4 बजे कन्या पाठशाला विद्यालय के पास स्थित रमन श्रीवास्तव के खंडहर में लोगों ने नए जूते और एक थैला रखा देखा। वहां पहुंचे सीओ अमृतपुर रविंद्र नाथ राय व थानाध्यक्ष राजेश राय ने देखा तो जूते हमलावर के थे। थैला पलटकर देखा गया तो उसमें सूट, दुपट्टा, ग्लव्स, विग मिला। पास में ही दो तमंचे 315 बोर व कुछ कारतूस भी थे। चर्चा है कि छात्राें ने मुंह पर मास्क लगाए व काले कपड़े पहने एक युवक को विद्यालय के मेन गेट से घुसकर दूसरी गली में गेट से निकलते देखा। (संवाद)