फर्रुखाबाद। दावत से लौट रहे वृद्ध की हत्या में शामिल चौथे आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। हालांकि पुलिस फिलहाल कुछ भी बताने से कतरा रही है। पुलिस सूत्र बताते हैं कि उस पर इनाम भी घोषित किया गया है। लिहाजा सोमवार को खुलासा किया जाएगा।
मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव अदियुली निवासी ठाकुर चंद्रपाल सिंह (62) की 14 अक्तूबर की रात दावत खाकर लौटते वक्त ईंट से कुचलकर हत्या कर दी गई थी। उनका शव गांव में पानी की टंकी के पास 15 अक्तूबर को बंबा में पड़ा मिला था। पुत्र विजय प्रताप ने पड़ोसी गांव बाबरपुर के महताब खां और उसके पिता चुन्ने पर हत्या के शक में मुकदमा लिखाया था।
पुलिस ने महताब, साथी बरौन चमन नगरिया के गौतम को गिरफ्तार कर हत्या का खुलासा कर दिया था। उनका साथी शातिर अपराधी सुभाष नट फरार चल रहा था। पुलिस सूत्र बताते हैं कि उसे एसओजी और मऊदरवाजा थाना पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उसकी सोमवार को गिरफ्तारी दिखाई जाएगी। सुभाष पर कई मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं।