कमालगंज। खुदागंज के पास लोडर व टेंपो की आमने-सामने भिड़ंत हो जाने से चालक सहित 10 लोग घायल हो गए। ग्रामीणों ने पहुंचकर टेंपो से घायलों को निकाला। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी भेजा। जहां हालात गंभीर होने पर तीन घायलों को लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। टेंपो सवार यात्री रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।
थाना क्षेत्र के गांव ईशापुर निवासी तालिब (25) कमालगंज-गुरसहायगंज मार्ग पर टेंपो चलाता है। बुधवार शाम करीब 6 बजे तालिब अपने पड़ोसी रेहान (22) के साथ सवारी लेकर गुरसहायगंज जा रहा था। तभी रास्ते में खुदागंज गांव के पास सामने से आ रहे लोडर की उसके टेंपो से भिड़ंत हो गई। हादसे में चालक तालिब, उसका साथी रेहान के अलावा मोहम्मदाबाद के गांव कटईया निवासी यात्री बेबी (50), रामबेटी (49), उसकी पुत्री स्वार्थी (20), अनीता (30), उसकी पुत्री सौम्या (14) व क्षेत्र के गांव बसाह नगला निवासी सुदामा देवी (60), मंजू पाल (38) व उनका पुत्र अनुज (16) घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। लोगों ने लोडर चालक को पकड़ कर टेंपो में फंसे घायलों को बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने टेंपो व एंबुलेंस से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां चिकित्सक विकास पटेल, मान सिंह, फार्मासिस्ट आदि ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। सीएचसी पर हालात गंभीर होने पर चालक तालिब, रेहान व सुदामा को लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
थानाध्यक्ष राजेश राय ने पहुंचकर घायलों से जानकारी की। घायल स्वार्थी ने बताया कि वह गुरसहायगंज के निकट स्थित तालग्राम निवासी मौसी शकुंतला देवी की पुत्री की शादी समारोह में शामिल होने के लिए परिवार व रिश्तेदारों के साथ टेंपो से जा रही थीं। सभी सात घायल उनके साथ थे। थानाध्यक्ष राजेश राय ने बताया कि लोडर चालक को पकड़ लिया गया है। वाहनों को भी कब्जे में ले लिया है।