फर्रुखाबाद। मेला रामनगरिया में आने वाले गंगा भक्तों व संतों की तबीयत खराब होने पर त्वरित इलाज की खातिर चार शैया का अस्थायी अस्पताल तैयार हुआ है। इसमें डॉक्टर व अन्य कर्मियों की तैनाती भी की गई है। यहां तैनात कर्मचारी 24 घंटे सेवाएं देंगे।
पांचाल घाट गंगा तट पर बसी आस्था की नगरी में हर साल लाखों श्रद्धालु, कल्पवासी व साधु-संत पहुंचते हैं। कड़ाके की सर्दी में लोग खांसी, सर्दी, जुकाम, बुखार से पीड़ित हो जाते हैं। भक्तों को त्वरित इलाज देने की मंशा से जिलाधिकारी के आदेश पर मेला रामनगरिया में चार शैया का अस्थायी अस्पताल बनाया गया है।
इसमें मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवनींद्र कुमार ने डॉक्टर, फार्मासिस्ट, एएनएम, वार्ड बॉय की ड्यूटी लगा दी है। इसमें सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक डॉ. पुष्पेंद्र सिंह, डॉ. रूपेश, फार्मासिस्ट रवींद्र कुमार, स्टाफ शिल्पी, वार्ड बॉय अनुराग अग्निहोत्री, गार्ड शोभित कुमार लगाए गए हैं।
दोपहर दो से रात आठ बजे तक डॉ. अतुल कुमार, डॉ. नेहा गुप्ता, स्टाफ नर्स नेहा सक्सेना, वार्ड बॉय गुलाब सिंह, गार्ड पंकज कुमार तैनात रहेंगे। रात आठ से सुबह आठ बजे तक डॉ. रवि रतन, डॉ. शैलेंद्र कुमार, साबिर हुसैन, गार्ड रिजवान अली, टेक्नीशियन शिवम की ड्यूटी लगाई गई है।
इनसेट
दूसरे दिन भी स्टाफ नर्स के हवाले रहा अस्पताल
सीएमओ ने अस्पताल को 20 जनवरी से चालू करने का दावा किया। उन्होंने डॉक्टरों समेत संबंधित स्टाफ को हर हाल में ड्यूटी पर पहुंचने के निर्देश दिए। मगर, रविवार को दूसरे दिन भी अस्पताल में स्टाफ नर्स ही ड्यूटी करती दिखाई दीं। डॉक्टर नहीं पहुंच रहे हैं।