कायमगंज (फर्रुखाबाद)। प्रतिबंधित मांझे की चपेट में आकर बाइक सवार किशोर की गर्दन कट गई। परिजनों ने उसका निजी अस्पताल में इलाज कराया है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव सुभानपुर निवासी 17 वर्षीय दानियाल पुत्र टीपू खां मंगलवार को बाइक से गांव के पास पानी की टंकी के निकट से गुजर रहे थे। इसी दौरान वहां पतंग उड़ा रहे युवकों का मांझा उनकी गर्दन में उलझ गया। मांझे की धार से उनकी गर्दन कट गई और वह घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने परिजन को सूचना दी। परिजन तुरंत उन्हें निजी अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सक ने उपचार के बाद हालत खतरे से बाहर बताई। घटना के बाद परिजन ने प्रतिबंध के बावजूद बाजार में खुलेआम बिक रहे प्रतिबंधित मांझे पर नाराजगी जताई। उन्होंने प्रशासन से इसकी बिक्री और उपयोग पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि बाजार में पतंगों की दुकानों पर जांच कराई जाएगी। अगर कहीं बिक्री होते पकड़ा गया तो सख्त कार्रवाई होगी।