संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखाबाद। जिले में गुरुवार से फाइलेरिया उन्मूलन अभियान चलाया जाएगा। 28 अगस्त तक अभियान के दौरान 22.03 लाख लोगों को दवा खिलाने का लक्ष्य है। पहले दिन सभी विभागों के अधिकारी व कर्मचारियों को दवा खिलाई जाएगी।
सीएमओ डॉ.अवनींद्र कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह को फाइलेरिया रोधी दवा खिलाकर अभियान शुरू किया जाएगा। एसीएमओ डॉ.यूसी वर्मा ने बताया कि जिले में 1013 फाइलेरिया रोगी हैं। अभियान के तहत 22.03 लाख लोगों को दवा खिलाने का लक्ष्य है। विभागों में अधिकारी व कर्मचारियों को दवा खिलाने के लिए नोडल अधिकारी नामित कर दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग से 1829 टीमें बनाकर 357 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं, जो घर-घर जाकर टीमें दवा खिलाएंगी। खाली पेट दवाई नहीं खाई जाएगी। दो वर्ष से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती और गंभीर मरीजों को दवा नहीं खिलाई जाएगी। दवा खाने के बाद उल्टी, चक्कर, खुजली या जी मिचलाने जैसे लक्षण हो तो समझें कि शरीर में फाइलेरिया के परजीवी मौजूद हैं। लक्षण कुछ समय बाद स्वतः समाप्त हो जाते हैं।
सीएचसी बरौन के अंतर्गत 1.84 लाख, शमसाबाद में, 2.52 लाख, कायमगंज में 3.12 लाख, कमालगंज में 3.52 लाख, मोहम्मदाबाद में 3.38 लाख, नवाबगंज में 2.01 लाख, राजेपुर में, 2.14 लाख, जबकि शहरी क्षेत्र में 3.47 लाख लोगों को घर-घर जाकर दवा खिलाई जायेगी।