फर्रुखाबाद। चाय की दुकान पर पूर्ति निरीक्षक ने टीम के साथ बुधवार को छापा मारा तो वहां गैस रिफिलिंग होते मिली। मौके से चार गैस सिलिंडर, रिफिलिंग मशीन व कांटा कब्जे में ले लिया गया है।
पूर्ति निरीक्षक नेहा गुप्ता को सूचना मिली कि सेंट्रल जेल चौराहा के निकट गांव अर्जुन नगला निवासी राजेश राजपूत की खोखे की दुकान है। वह चाय, समोसा आदि बेचता है। उसकी दुकान पर ऑटो रिक्शा, ओमिनी वैन आदि में गैस रिफिलिंग भी की जाती है। इस पर पूर्ति निरीक्षक ने लिपिक राजीव कुमार से साथ दुकान पर छापा मारा। वहां चार घरेलू गैस सिलिंडर मिले।
एक गैस रिफिलिंग मशीन व एक इलेक्ट्रानिक कांटा मिला। पूर्ति निरीक्षक ने गैस सिलिंडर व अन्य सामग्री कब्जे में लेकर गैस एजेंसी के मालिक अनिल सिंह को सौंप दी। पूर्ति निरीक्षक ने बताया कि पूरे मामले की जांच व वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।