अमृतपुर। खेत में चाचा के साथ घास लेने गए छात्र की करंट लगने से मौत हो गई। चाचा गंभीर रूप से झुलस गए। ग्रामीणों ने बाढ़ का निरीक्षण करके वापस आ रहे डीएम की कार को रोक लिया। अवैध रूप से सबमर्सिबल चलाने का आरोप लगाया। डीएम ने एसडीएम व तहसीलदार को मौके पर जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए।
थाना क्षेत्र के गांव चिड़िया महौलिया निवासी रविचंद्र का पुत्र संजीव (18) दयानंद इंटर कालेज अमृतपुर में इंटरमीडिएट का छात्र है। वह शुक्रवार की दोपहर चाचा शेर सिंह के साथ खेत में जानवरों के लिए घास लेने गया था। गांव के एक ग्रामीण ने सबमर्सिबल चलाने के लिए काफी दूर से बिजली का केबल डाल रखा था। केबल जगह-जगह कटा था। केबल खेत में लगे कटीले तारों से छू रहा था। तार को पकड़कर फांदते समय संजीव कुमार व चाचा शेर सिंह चपेट में आ गए। संजीव की मौके पर ही मौत हो गई। चाचा शेर सिंह गंभीर रूप से झुलस गए। शेर सिंह के शोर मचाने पर गांव के लोग व परिजन मौके पर आ गए। परिजनों ने ग्रामीण पर अवैध रूप से बिजली का केबल डालकर सबमर्सिबल चलाने का आरोप लगाया। दोपहर में जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह अलादादपुर भटौली से बाढ़ का निरीक्षण कर वापस आ रहे थे। परिजनों व ग्रामीणों ने डीएम की कार को रोककर आप बीती बयां की। डीएम ने एसडीएम अमृतपुर व तहसीलदार को मौके पर जांच कर बिजली चोरी करने वाले ग्रामीण के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
छात्र संजीव की मौत से पिता रविचंद्र, मां भगवान श्री, भाई सचिन, सुमित, बहन सरला, संध्या का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। परिजनों ने ग्रामीण पर बिजली का कटा केबल डालकर सबमर्सिबल चलाने से संजीव की मौत होने का आरोप लगाया। एसओ संत प्रकाश पटेल ने जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा दिया।