शमसाबाद (फर्रुखाबाद)। मनौती पूरी होने पर गंगा की पहनावन करते वक्त दो किशोर गहरे पानी में डूब गए। काफी प्रयास के बाद एक को निकाल लिया गया, जबकि दूसरा नहीं मिला।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव बराकेशव निवासी अमर सिंह ने गंगा मइया से मनौती मांगी थी। उनकी मनोकामना पूरी होने पर वह रविवार को परिजनों, रिश्तेदारों और गांव वालों के साथ ढाई घाट पर शाहजहांपुर की ओर लगे मेले में पहुंचे। उन्होंने गंगा को पहनावन पहनाई। इसी वक्त गहरे पानी में उतरे उनके पुत्र रक्षपाल (17) और गांव के ही जितेंद्र का पुत्र रीतेश (14) पानी में डूब गए।
चीख-पुकार पर तैराकों ने खोजबीन की, तो रीतेश को खोज लिया गया। देर शाम तक रक्षपाल का पता नहीं चल सका। रीतेश को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसका उपचार हो रहा है। थानाध्यक्ष मनोज भाटी ने बताया कि घटनास्थल शाहजहांपुर क्षेत्र का है। रक्षपाल की खोजबीन का प्रयास किया जा रहा है।