अमृतपुर। रामगंगा में भाई व दो रिश्तेदारों के साथ स्नान करने गए छात्र की डूबने से मौत हो गई। गोताखोरों ने आधे घंटे की मशक्कत कर शव को बाहर निकाला।
थाना क्षेत्र के गांव करनपुरदत्त निवासी राजेश्वर वर्मा मेडिकल स्टोर संचालक है। उनका पुत्र अजीत (15) कस्बे के आरआर पब्लिक स्कूल में कक्षा आठ में पढ़ता था। वह बड़े भाई सुमित व दो रिश्तेदारों के साथ गुरुवार को चिड़िया महोलिया घाट पर स्नान करने गया था। चारों लोग रामगंगा में स्नान कर रहे थे। अचानक अजीत गहरे पानी में पहुंच गया और डूबने लगा।
अजीत को डूबते देखकर सुमित ने शोर मचाया। शोर सुनकर रामगंगा में मछली का शिकार कर रहे मछुआरों ने अजीत को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वह डूब गया। सुमित ने भागकर परिजनों को सूचना दी। पिता राजेश्वर सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे। सूचना पर तहसीलदार कर्मवीर सिंह मौके पर पहुंचे। गोताखोरों को बुलाकर छात्र की तलाश कराई गई। आधे घंटे बाद गोताखोरों ने रामगंगा से अजीत का शव बाहर निकाल लिया। परिजन शव लेकर घर पहुंचे तो कोहराम मच गया।
मां मीरा देवी, बहन शिल्पी, भाई सचिन, सौरभ, सुमित का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। परिजनोंं ने थाने में छात्र के डूबने की सूचना दी। पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। एसओ मीनेश पचौरी ने बताया कि छात्र की डूबने से मौत हुई है। परिजन पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर रहे हैं।