कायमगंज। चिलांका छपट्टी ट्रांसफार्मर के पास नाले में स्टांप वेंडर बेहोश मिला। पुलिस ने ई-रिक्शा चालक की मदद से युवक को बाहर निकालकर सीएचसी पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस प्रथम दृष्टया पुलिया से गिरकर मौत होना मान रही है।
जनपद मैनपुरी के थाना भोगांव क्षेत्र के गांव आलीपुर खेड़ा निवासी अलंकृत पांडेय उर्फ शिवम (26) तहसील में स्टांप वेंडर का काम करते हैं। उनकी मां निशा पांडेय जनपद कासगंज में प्राथमिक स्कूल में शिक्षक हैं। करीब 20 वर्ष से उनका परिवार कायमगंज के मोहल्ला बजरिया रामलाल में किराये पर रहता है।
रविवार देर रात करीब एक बजकर 15 मिनट पर बाई पास रोड स्थित ट्रांसफार्मर के पास शिवम की बाइक खड़ी थी। उसमें चाबी लगी थी। शिवम पुलिया के नीचे नाले में बेहोश पड़ा था। बाइक खड़ी देख ई-रिक्शा चालक रुका। कुछ देर में पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने युवक को बाहर निकाला और सीएचसी भेजा। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने बाइक कब्जे में ले ली है। लोगों ने जब घटना के बारे में सुना तो पुलिया के पास भीड़ जमा हो गई। सभी एक दूसरे से घटना के बारे में जानकारी करते दिखे। मां निशा पांडेय व परिवार के अन्य परिजन घर में दुखी नजर आए। परिजन शिवम की मौत पर संदेह जता रहे हैं।
शिवम बड़ा तथा समर्थ पांडेय छोटा है। दो बहनें शिल्पी दीक्षित व सोनम मिश्रा हैं। उनकी शादी हो चुकी है। शिवम अविवाहित था। चौकी प्रभारी वीएस तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि युवक नशे की हालत में बाइक खड़ी कर पुलिया पर बैठ गया और नीचे गिर गया। इससे चोट लगने से उसकी मौत हुई है। मौत का स्पष्ट कारण जानने के लिए शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।