संवाद न्यूज एजेंसी
नवाबगंज। सीएचसी कैंपस के सरकारी आवास में स्टाफ नर्स फंदे पर लटकी हुई मिली। पति के शोर मचाने पर कर्मचारी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सीओ मोहम्मदाबाद व फाेरेंसिक टीम ने मौके पर जांच पड़ताल की। पुलिस ने पति को थाने में बैठा लिया।
सीएचसी नवाबगंज की स्टाफ नर्स गुंजन शंखवार(31) सरकारी आवास में रहती थी। गुंजन की बहन जनपद फिरोजाबाद स्टेशन रोड मोहल्ला कर्बला निवासी गुलाब सिंह से शादी हुई थी। गुंजन ने 8 मई 2015 को बहनोई गुलाब के भाई रवि शंकर शंखवार से प्रेम विवाह कर लिया था। परिवार के लोग इस रिश्ते के लिए राजी नहीं थी।
मंगलवार की रात को मोहम्मदाबाद कोतवाली के गांव सकवाई के मजरा तेरा निवासी मां स्वास्थ्य कर्मचारी शंकुतला देवी ने पुत्री गुंजन के मोबाइल पर कई बार फोन किया, लेकिन उसका फोन रिसीव नहीं हुआ। शकुंतला ने दामाद रविशंकर को सूचना दी जिसके बाद उसने कमरे में देखा तो पत्नी गुंजन को फंदे पर लटकी थी। पुलिस ने पति रविशंकर को थाने में बैठा लिया। उसके छह वर्ष का एक पुत्र मेहुल है। एसओ जेपी शर्मा ने बताया कि नर्स ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। परिजन कोई कार्रवाई नहीं करना चाहते हैं।