संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखाबाद। एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े टेंपो और कार में टक्कर मार दी। कार में सो रहे दो भाई बाल-बाल बच गए। दुर्घटना करने वाली कार के एयर बैग खुल गए। इससे उसमें सवार चार लोगों को चोटें नहीं आईं। पुलिस के पहुंचने से पहले कार सवार फरार हो गए। कार एक व्यापारी नेता की बताई जा रही है।
शहर कोतवाली के बजरिया रोड पर एक अस्पताल के पास सड़क किनारे बजरिया हरलाल निवासी विवेक सक्सेना का टेंपो और उसके पीछे मैनपुरी के बिछवा थाने के गांव बिराहिमपुर निवासी रितु कुमार की कार खड़ी थी। रितु अपने छोटे भाई नकुल की पत्नी का इलाज कराने अस्पताल आए थे।
दोनों भाई कार में ही लेट गए। रात करीब डेढ़ बजे तिकोना की ओर से आई तेज रफ्तार कार पहले टेंपो और फिर कार में जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि टेंपो का आधा हिस्सा पड़ोसी मकान के स्लेब पर पहुंच गया। टक्कर मारने वाली कार के एयरबैग खुल गए। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं आई। दुर्घटना करने वाली कार शहर के एक व्यापारी नेता की बताई जा रही है।
फिलहाल इस दुर्घटना में कोई लिखा पढ़ी नहीं हुई है। वाहनों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। टेंपो मालिक विवेक ने बताया कि उसका परिवार का खर्च इसी से चलता है। अब यह मरम्मत के लायक भी नहीं रहा।