नवाबगंज। मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बालक को रौंद दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। भीड़ ने चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्रॉली को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करवा दिया। स्थानीय लोगों ने पुलिस की मिलीभगत से अवैैध खनन कराने का आरोप लगाया।
थाना क्षेत्र के गांव भगौरा निवासी शिवलाल शाक्य का तीन वर्षीय पुत्र रूद्र शाक्य शुक्रवार की सुबह पड़ोसी की दुुकान पर सामान लेने जा रहा था। उसी दौरान नवाबगंज की ओर से मिट्टी खनन करके ला रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने रूद्र को रौंद दिया। ग्रामीणों ने ट्रॉली को घेर लिया और चालक को पकड़कर पुलिस के सुर्पुद कर दिया। रूद्र की मौत पर मां सविता देवी, पिता शिवलाल दहाड़े मारकर रोने लगे। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि चार माह से पुलिस की मिलीभगत से यहां मिट्टी का खनन हो रहा है।
खनन करने वाले यहां से वाहन तेजी से निकालते हैं। इसके कारण हादसा होने का भय बना रहता है। पुलिस की सूचना पर खनन निरीक्षक राजीव रंजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने जांच पड़ताल की। उन्होंने बताया कि जिस ट्रैक्टर-ट्रॉली से खनन किया जा रहा था। उसके पास खनन की अनुमति थी। एसओ जेपी शर्मा ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है।