फर्रुखाबाद। दोहरे हत्याकांड में एसओजी ने एक आरोपी को दबोच लिया। अन्य की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस को मुख्य आरोपी की सरगर्मी से तलाश है।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव सरह निवासी त्रिपुरारी ने गांव के अनिरुद्ध उर्फ बौखा, समरे, अरविंद, सरविंद, गोविंद, गोपाल, प्रधान रामवीर, महेंद्र सिंह, धीरेंद्र, शिवेंद्र व दो अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें आरोप लगाया कि पिता बृजनंदन की धारदार हथियार से हमला कर इन लोगों ने हत्या कर दी। भाई चंदन गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने हत्या के मामले में गोविंद, अरविंद, प्रधान रामवीर, महेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। चंदन की भी इलाज के लिए ले जाते समय 28 जुलाई की रात को मौत हो गई। एसपी विकास कुमार ने दोहरे हत्याकांड में बाकी छह नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी प्रभारी अमित गंगवार, सर्विलांस प्रभारी जगदीश भाटी सहित पुलिस की छह टीमों को लगाया था। रविवार की दोपहर एसओजी ने आरोपी गोपाल को पकड़ लिया और उसको फतेहगढ़ पुलिस की सुपुर्दगी में दे दिया है। अन्य आरोपियों की तलाश में कई स्थानों पर दबिशें दी जा रही है। पुलिस को मुख्य आरोपी अनिरुद्ध उर्फ बौखा की सरगर्मी से तलाश है। उसके दिल्ली में होने की आशंका है।