फर्रुखाबाद। कोर्ट के स्टे के बाद भी एसओ थाना परिसर के पीछे आवास का निर्माण करवा रहे हैं। इस मामले में पीड़ित ग्रामीणों ने एसपी सहित अन्य अधिकारियों को प्रार्थना पत्र भेजकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
जहानगंज कस्बा निवासी जगदीश कटियार, सुभाष चंद्र, रामपाल, ओम प्रकाश ने कोर्ट में जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक व एसओ जहानगंज के खिलाफ प्रार्थना पत्र दिया। इसमें बताया कि थाने के पास उनकी जमीन है। थाने के पीछे पुलिस कर्मियों के आवास बनवाए जा रहे हैं। कोर्ट ने पूरे मामले में सुनवाई के बाद पुलिस व प्रशासन को मौके पर यथा स्थित बनाए रखने के आदेश दिए।
उसके बाद भी एसओ भोलेंद्र चतुर्वेदी पुलिस कर्मियों के आवास का निर्माण करवा रहे हैं। उनको कोर्ट के आदेश के प्रपत्र उपलब्ध करा दिए गए। फिर भी निर्माण कार्य बंद नहीं किया गया। शुक्रवार को ग्रामीणों ने इस संबंध में जिलाधिकारी डाॅ. वीके सिंह, एसपी विकास कुमार को प्रार्थना पत्र भेजकर निर्माण कार्य बंद कराए जाने की मांग की। कोर्ट के आदेश की प्रतिलिपि भी सभी अधिकारियों के पास भेजी गई है।
एसओ भोलेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि आवास बन चुके हैं। वहां के मार्ग पर गड्ढा था। उसको भरवाकर सड़क बनवाई जा रही है। ग्रामीणों की जमीन थाने के बाहर है। वहां निर्माण नहीं कराया जा रहा है। लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं।