क़मालगंज। चंद्रशेखर आजाद मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में मंगलवार को रोमांचक मुकाबला हुआ। शेखपुर चैलेंजर ने ड्रैगन इलेवन को अंतिम गेंद में हरा दिया।
फतेहपुर राव साहब क्रिकेट मैदान में चल रही प्रतियोगिता में मंगलवार को शेखपुर चैलेंजर के कप्तान मयंक दुबे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। कप्तान की घातक गेंदबाजी के चलते ड्रैगन इलेवन की टीम निर्धारित 12 ओवर में महज 110 रन ही बना सकी। लक्ष्य का पीछा करने उतरी शेखपुर चैलेंजर की टीम को प्रशांत ने एक बेहतरीन शुरुआत दी एवं टीम के लिए 16 गेंदों पर 33 रनों की पारी खेली।
अंतिम ओवर में शेखपुर की टीम को चार रनों की दरकार थी। आखिरी गेंद पर बल्लेबाज शनि ने चौका लगाकर मैच को शेखपुर की झोली में डाल दिया। प्लेयर ऑफ द मैच रहे मयंक दुबे को ट्रॉफी व मेडल देकर सम्मानित किया गया। गौरव गुप्ता, शुभम दुबे, गोपाल ,शिवम ने व्यवस्था की। गोविंद राजपूत, प्रियांशु पाठक, रजत शर्मा आदि भी रहे।