कमालगंज। रविवार भोर में आंधी और बरसात के कारण क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। रजीपुर में पेड़ गिरने से तीन विद्युत पोल और हाईटेंशन लाइन टूट गई। बसाह नगला, मोहनपुर दिनारपुर, बीबीपुर, देवरान गढ़िया में एक-एक पोल क्षतिग्रस्त हुआ। पसईनगला और सियांपुर में दो-दो पोल टूट गए। इससे खुदागंज और कैंटाह फीडर ठप रहे। सुबह करीब सात बजे विद्युत विभाग की टीम ने मरम्मत कार्य शुरू किया। नगर की आपूर्ति सुबह करीब 8:45 बजे चालू की गई। दोपहर करीब 1:45 बजे थाने के निकट बंच केबल में आग लगने से फिर आपूर्ति बाधित हुई। अवर अभियंता मदनचंद्र ने बताया कि छह क्षतिग्रस्त पोल सोमवार को बदले जाएंगे। खुदागंज और कैंटाह फीडर पर काम जारी है। (संवाद)